एक दिन में अंबानी-अडाणी जितनी बढ़ी मस्क की संपत्ति: ₹58 लाख करोड़ नेटवर्थ

दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क ने नई मिसाल कायम की है। मस्क की कुल संपत्ति 600 बिलियन डॉलर (करीब ₹54.60 लाख करोड़) का आंकड़ा पार कर गई है। इस स्तर पर पहुंचने वाले वे दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं।

यह उछाल स्पेसएक्स की रिकॉर्ड वैल्यूएशन और संभावित IPO की खबरों के बाद आया, जिससे उनकी नेटवर्थ सिर्फ एक ही दिन में 168 बिलियन डॉलर (₹15 लाख करोड़) बढ़ गई। यह रकम भारत के दो सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की संयुक्त नेटवर्थ के बराबर मानी जा रही है, जो करीब ₹16 लाख करोड़ है।

स्पेसएक्स की वैल्यूएशन ने मस्क को नई ऊंचाई पर पहुंचाया

रॉयटर्स के अनुसार, कंपनी की इंटरनल शेयर सेल के बाद स्पेसएक्स की वैल्यूएशन $800 बिलियन (₹72.80 लाख करोड़) निकली है। मस्क की कंपनी में लगभग 42% हिस्सेदारी है। यदि कंपनी इसी वैल्यूएशन पर स्टॉक मार्केट में लिस्ट होती है, तो मस्क की वैल्यू अकेले 336 बिलियन डॉलर से भी अधिक बढ़ सकती है।

फोर्ब्स का अनुमान है कि ऐसा होने पर मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन सकते हैं। हालांकि यह IPO की लिस्टिंग और मार्केट रिस्पॉन्स पर निर्भर करेगा।

टेस्ला और xAI ने भी बढ़ाई मस्क की दौलत

2025 में अब तक टेस्ला के शेयरों में 13% बढ़त दर्ज की गई है। सोमवार को भी स्टॉक करीब 4% ऊपर रहा, जब मस्क ने बताया कि कंपनी बिना सेफ्टी मॉनिटर के रोबोटैक्सी परीक्षण कर रही है। टेस्ला में उनकी 12% हिस्सेदारी अब लगभग 197 बिलियन डॉलर की हो चुकी है।

मस्क की AI स्टार्टअप xAI भी तेजी से बढ़ रही है। कंपनी $230 बिलियन के वैल्यूएशन पर $15 बिलियन की नई फंडिंग जुटाने के एडवांस स्टेज में है। इन दोनों कंपनियों की ग्रोथ ने मस्क की कुल संपत्ति में बड़ा योगदान दिया है।

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Scroll to Top